मंदसौर। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कुशाभाऊ ठाकरे ऑडिटोरियम में भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गा विजय पाटीदार, पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया, नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर, कलेक्टर अदिति गर्ग, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, जिला संयोजक आदिम जाति विभाग अंगुरबाला भगोरा सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सांसद गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारत के संविधान को एक सशक्त, व्यवस्थित एवं समावेशी स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक योगदान दिया। आज भारत जिस शक्ति और प्रतिष्ठा के साथ विश्व पटल पर खड़ा है, उसमें डॉ. अंबेडकर का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पूर्व विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने कहा कि संविधान ने देश के नागरिकों को अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया है। डॉ. अंबेडकर ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए देश को मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। नगर पालिका अध्यक्ष रमादेवी गुर्जर ने कहा कि हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारीपूर्वक पालन करते हुए समाज में सकारात्मक योगदान देना चाहिए, यही डॉ. अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा आदिम जाति कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र एवं दो-दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई तथा अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।