नीमच। सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था को लेकर उठते सवालों के बीच बुधवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जब कलेक्टर हिमांशु चंद्रा स्वयं ‘टीचर’ बनकर कक्षा में पहुंचे।
रतनगढ़ क्षेत्र के ग्राम कस्मारिया स्थित पीएम श्री विद्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सीधे कक्षा 8वीं में पहुंचे और विद्यार्थियों के बीच बैठकर पढ़ाई का स्तर परखा। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक ब्लैकबोर्ड की जगह इंटरैक्टिव पैनल का उपयोग करते हुए गणित के प्रश्न स्वयं लिखे और विद्यार्थियों को एक-एक कर हल करने के लिए बुलाया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यह भी परखा कि छात्र विषय को समझकर उत्तर दे रहे हैं या केवल रटकर। कई विद्यार्थियों ने सही उत्तर दिए, लेकिन कुछ स्थानों पर पढ़ाई में कमजोरियां भी सामने आईं।
कलेक्टर चंद्रा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने की सीख दी। उन्होंने कहा यदि मन लगाकर पढ़ाई की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
पढ़ाई के स्तर में कमी पाए जाने पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए गणित शिक्षक को गुणवत्ता सुधार के निर्देश दिए। साथ ही प्राचार्य एवं संबंधित शिक्षक के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।