नीमच। ईपीएस-95 पेंशनर संघर्ष समिति ने बुधवार को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री के नाम कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन सौंपकर पेंशन बढ़ाने की मांग की।
समिति के सदस्यों ने बताया कि वर्तमान में मिल रही 1000 रुपये या उससे कम पेंशन में पेंशनरों का जीवनयापन करना अत्यंत कठिन हो गया है। ऐसे में न्यूनतम पेंशन बढ़ाना अत्यंत आवश्यक है।
ज्ञापन में पेंशनरों ने न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये प्रतिमाह किए जाने, महंगाई भत्ता प्रदान करने तथा पेंशनरों और उनके जीवनसाथियों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही योजना से वंचित पात्र कर्मचारियों को भी न्यूनतम 5000 रुपये पेंशन देने की बात कही गई।
समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो देशव्यापी आंदोलन को तेज किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।