सिंगोली। मध्य प्रदेश में अध्यापक-शिक्षक संवर्ग की वर्षों से लंबित मांगों और समस्याओं का अब तक निराकरण नहीं होने से शिक्षकों में सरकार के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार 18 अप्रैल को प्रदेश भर के शिक्षक भोपाल में महा आंदोलन करेंगे। इस संबंध में सिंगोली क्षेत्र से भी शिक्षकों का एक दल 17 अप्रैल को बस द्वारा भोपाल के लिए रवाना होगा।
इस आशय की जानकारी संयुक्त मोर्चा तहसील अध्यक्ष अशोक कुमार राठौर और सचिव ललित शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में अध्यापक-शिक्षक संवर्ग की वर्षों से लंबित मांगों और समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर शिक्षक-अध्यापक संयुक्त मोर्चा ने सरकार के खिलाफ महा आंदोलन का निर्णय लिया है। घोषणानुसार प्रदेश भर के शिक्षक 18 अप्रैल को भोपाल स्थित जंबूरी मैदान में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
संयुक्त मोर्चा के अनुसार सातवें वेतनमान में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने, पुरानी पेंशन प्रणाली को बहाल करने, क्रमोन्नति, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति तथा स्थानांतरण नीति में पारदर्शिता लाने, साथ ही कार्यरत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त रखने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सरकार के साथ कई दौर की चर्चाओं के बावजूद न तो मांगों का निराकरण हुआ है और न ही समस्याओं का समाधान किया गया है।
ऐसी स्थिति में शिक्षकों को यह निर्णायक आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब सरकार और शिक्षकों के बीच आर-पार की लड़ाई का समय आ गया है। उन्होंने बताया कि इस आंदोलन में प्रदेश के सभी 52 जिलों से हजारों शिक्षक भोपाल पहुंचकर प्रदर्शन में शामिल होंगे।