जावी। शिक्षा में नवाचार की अग्रणी संस्था शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जावी का माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं एवं 12वीं का बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय प्राचार्य मुकेश कुमार जैन ने बताया कि कक्षा 10वीं (हाईस्कूल) में 53 विद्यार्थियों में से 49 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में तथा 04 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। इसी प्रकार कक्षा 12वीं (हायर सेकेंडरी) में 38 विद्यार्थियों में से 34 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में तथा 04 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।
कक्षा 10वीं में विद्यालय स्तर पर प्रथम स्थान निकिता रामप्रसाद मीणा ने 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्राप्त किया, जबकि नीलू दशरथ मीणा ने 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल 17 विद्यार्थी मप्र शासन की लैपटॉप योजना के लिए पात्र बने, जिनमें 3 छात्र एवं 14 छात्राएं शामिल हैं।
इसी प्रकार कक्षा 12वीं में स्कूटी योजना के अंतर्गत 3 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें छात्रा कर्मा गोपाल मीणा एवं मनीषा तोफान धनगर ने 86.6 प्रतिशत अंक तथा छात्र बलवंत प्यारचंद खाती ने 84.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इस ऐतिहासिक सफलता के लिए विद्यार्थियों, प्राचार्य तथा समर्पित शिक्षकगण को जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं अभिभावकों ने शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्य जैन के अथक प्रयासों एवं शिक्षकगणों के सामंजस्य, लगन, मेहनत और मार्गदर्शन से विद्यालय ने गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त कर उपलब्धि हासिल की। जानकारी दिलीप पाटीदार, जावी द्वारा दी गई।