चित्तौड़गढ़। राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर जिला पुलिस चित्तौड़गढ़ द्वारा बुधवार को स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जिले भर के करीब 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन चित्तौड़गढ़ शहर स्थित शहीद मेजर नटवर सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में किया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य नए आपराधिक कानूनों, महिला सुरक्षा एवं पुलिस द्वारा आमजन की सुविधा हेतु किए जा रहे प्रयासों के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाना है।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें आसावरा स्कूल के फिरोज खान मिरासी ने प्रथम, भादसोड़ा के महावीर आचार्य ने द्वितीय तथा सेंगवा स्कूल के अमन तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इन तीनों का चयन 17 अप्रैल को होने वाली संभाग स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
आयोजन की नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह ने बताया कि विजेता प्रतिभागियों को पुलिस विभाग की ओर से नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला पुलिस द्वारा जिले के सभी थानों एवं कार्यालयों में विशेष साफ-सफाई अभियान भी चलाया गया, जिसके तहत थाना परिसरों को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित किया गया। साथ ही स्कूली विद्यार्थियों को पुलिस थानों का भ्रमण भी कराया गया।
स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस परिवार के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी, कार्मिक एवं उनके परिजन शामिल होंगे तथा उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियां प्राप्त करने वाले बच्चों एवं प्रतियोगिता विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
दिनांक 16 अप्रैल को स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सुबह सेरेमोनियल परेड का आयोजन पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में रिजर्व पुलिस लाइन में किया जाएगा। उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिस कार्मिकों को सेवा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सांवलिया जी चिकित्सालय के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा तथा शाम 6 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष गोल प्याऊ पर पुलिस बैंड द्वारा आकर्षक वादन प्रस्तुत किया जाएगा।