देवास। बाबा अमरनाथ यात्रा के पंजीयन की शुरुआत होते ही श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर नजर आया। जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पंजीयन के लिए पहुंचे। कई श्रद्धालु बीती रात से ही पंजाब नेशनल बैंक पहुंचकर वहीं रुके रहे, ताकि सुबह जल्दी पंजीयन करा सकें।
सुबह से ही लंबी कतारें लग गईं, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल रहे। पूरा क्षेत्र “बाबा अमरनाथ” के जयकारों से गूंज उठा। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालु डटे रहे और अखबार व कपड़ों की मदद से खुद को धूप से बचाते नजर आए।
इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से भी बेहतर व्यवस्था देखने को मिली, जिससे पंजीयन प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रही। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया और सभी श्रद्धा भाव से अपनी बारी का इंतजार करते रहे।