अरनोद। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी निशुल्क साइकिल वितरण योजना का शुभारंभ नोडल विद्यालय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, अरनोद में विधिवत किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनकी विद्यालय तक पहुंच को सुगम बनाना है।
प्रधानाचार्य श्यामलाल गायरी ने जानकारी देते हुए बताया कि माध्यमिक शिक्षा निदेशक, राजस्थान सरकार द्वारा नियुक्त फर्म कोहिनूर साइकिल प्राइवेट लिमिटेड, लुधियाना के माध्यम से नोडल विद्यालय को कुल 608 साइकिलें प्राप्त हुई हैं, जिनका वितरण प्रारंभ कर दिया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के जिला कोषाध्यक्ष मनीष कोठारी उपस्थित रहे। इसके अलावा व्याख्याता ललित कुमार, प्रभारी नरगिस खान, गौतमलाल मीणा, सरिता बैरागी, हेमलता कुमारी मीणा एवं भोपाल सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।