चित्तौड़गढ़। न्युवोको विस्टास कॉर्पाेरेशन लिमिटेड ने 31 मार्च को समाप्त वित्तवर्ष के अपने वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए हैं। कंपनी ने इस साल आय, बिक्री और मुनाफे में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।
वित्तवर्ष के दौरान कंपनी की सीमेंट बिक्री 20.4 एमएमटी रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5 प्रतिशत अधिक है। वहीं, कंसोलिडेटेड आय 10 प्रतिशत बढ़कर 11,362 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। कंपनी का एबिटिडा भी 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1,881 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कंपनी वडराज सीमेंट प्लांट में क्लिंकर और ग्राइंडिंग यूनिट्स को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने की योजना पर तेजी से काम कर रही है। यह प्रक्रिया वित्तवर्ष 2027 की तीसरी तिमाही से शुरू होगी। इसके अलावा, पूर्वी क्षेत्र में वित्तवर्ष 2028 तक 4 एमएमटीपीए क्षमता विस्तार की योजना भी प्रगति पर है। इन सभी योजनाओं के पूरा होने के बाद कंपनी की कुल उत्पादन क्षमता लगभग 35 एमएमटीपीए हो जाएगी।
इसके साथ ही कंपनी के बोर्ड ने गुजरात के विरमगाम में 1.5 एमएमटीपीए क्षमता वाला एक नया बल्क सीमेंट टर्मिनल स्थापित करने की मंजूरी भी दी है। यह टर्मिनल रेलवे साइडिंग से जुड़ा होगा और सीमेंट की अनलोडिंग, स्टोरेज व डिस्पैच को और अधिक सुगम बनाएगा।
कंपनी के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि यह वित्तवर्ष कंपनी के लिए काफी महत्वपूर्ण रहा है। कंपनी ने वॉल्यूम, आय और मुनाफे में मजबूत वृद्धि दर्ज की है, जो उसकी रणनीतियों की सफलता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि प्रीमियम उत्पादों पर फोकस, मजबूत वितरण नेटवर्क और लागत नियंत्रण के कारण कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि वडराज प्लांट का विस्तार कंपनी की पश्चिमी और उत्तरी बाजारों में उपस्थिति को और मजबूत करेगा।