गरोठ/शामगढ़। जनगणना 2027 के तहत तहसील शामगढ़ (ग्रामीण) में प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण’ के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण प्रारंभ हो गया है। यह प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय भोपाल तथा कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी मंदसौर के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण का प्रथम बैच 15 अप्रैल 2026 से कुशाभाऊ ठाकरे शासकीय महाविद्यालय, शामगढ़ में विधिवत शुरू हुआ। यह प्रशिक्षण चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार किरण गहलोत तथा सहायक चार्ज अधिकारी नायब तहसीलदार भीम सिंह खराड़ी के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है।
प्रशिक्षण में जिले से प्रशिक्षित फील्ड ट्रेनर द्वारा प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी दी जा रही है। सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षक गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रशिक्षण स्थल पर भोजन एवं स्वल्पाहार की समुचित व्यवस्था भी की गई है। उक्त जानकारी जनगणना प्रकोष्ठ द्वारा दी गई।