भोपाल/नीमच। तपती धूप और झुलसाती हवाओं ने मध्यप्रदेश में गर्मी के तेवर और कड़े कर दिए हैं। मौसम का मिजाज लगातार बदलते हुए अब जनजीवन पर सीधा असर डाल रहा है। मौसम केंद्र भोपाल ने इस सीजन में पहली बार 16 जिलों में हीट वेव (लू) का अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। वहीं बढ़ती गर्मी के चलते कई जिलों में कलेक्टरों ने स्कूलों और आंगनबाड़ियों के संचालन समय में बदलाव कर बच्चों को राहत देने की पहल की है।
इन जिलों में लू का अलर्ट-
मौसम विभाग ने एमपी के रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में लू चलने की संभावना जताई गई है। इससे पहले छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और मंडला में लू जैसा असर देखने को मिला, जहां मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी कर दी थी। मालवा के नीमच व मंदसौर जिले में भी सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
तापमान में लगातार बढ़ोतरी-
नीमच में गुरूवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं हवा की रफ्तार लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटा रही। मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में गर्मी अपने चरम पर होती है और इस बार भी यही स्थिति बन रही है। शुरुआती दिनों में आंधी, बारिश और ओलों का दौर रहा, लेकिन 10 अप्रैल के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
16 अप्रैल से नया सिस्टम, लेकिन असर कमजोर-
मौसम विभाग ने बताया कि आज 16 अप्रैल से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय हो रहा है, लेकिन इसका असर सीमित रहेगा और मुख्यतः पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र तक ही दिखाई देगा। फिलहाल एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी-
गर्मी और लू के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि अप्रैल से जुलाई तक तापमान में लगातार वृद्धि होती है और वर्तमान में ग्लोबल वार्मिंग के कारण इसका असर और अधिक गंभीर हो गया है।
लू से बचाव के उपाय-
- पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें।
- दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें।
- हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनें।
- बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
- धूप में सिर ढककर ही बाहर निकलें।
- ठंडे और छायादार स्थान पर रहें।
- त्वचा संबंधी समस्याएं भी बढ़ीं।
एमपी के इंदौर में बदला स्कूल टाइम-
इंदौर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के स्कूलों का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर दिया है। वहीं सभी आंगनबाड़ियों का समय सुबह 8.30 से 11.30 बजे तक निर्धारित किया गया है। इंदौर के अलावा देवास, छिंदवाड़ा सहित अन्य जिलों में भी स्कूलों व आंगनबाड़ी के संचालन समय में बदलाव किया गया है।