नीमच। शहर के इंदिरा नगर भगवानपुर चौराहे से गुरुवार को एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया। महिला एवं बाल विकास विभाग और नीमच सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला को दयनीय स्थिति से रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीमा पति अजीत सोनी उम्र 40 वर्ष लंबे समय से मानसिक अवसाद और तनाव से गुजर रही थी। उसकी खराब स्थिति की सूचना विभाग को दूरभाष और वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से मिली, जिसके बाद तत्काल टीम को मौके पर रवाना किया गया।
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव, नीमच सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह, एडवोकेट मीनू लालवानी सहित टीम जब मौके पर पहुंची, तो उन्होंने देखा कि महिला भीषण गर्मी में खुले छत पर मात्र एक चादर में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से आसपास के लोगों की नजरों से भी दूर थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला का रेस्क्यू किया और उसे तत्काल नीमच जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।रेस्क्यू के दौरान क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव ने बताया कि फिलहाल महिला का इलाज जारी है। उपचार के बाद उसकी आगे की देखभाल और पुनर्वास को लेकर निर्णय लिया जाएगा। साथ ही, महिला की इस स्थिति के पीछे के कारणों की जांच भी की जा रही है, जो जांच पूर्ण होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।