नीमच। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया, जिससे ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल ने एक बार फिर अपना दबदबा साबित किया है।
शहर के पास कनावटी स्थित ज्ञानोदय इंटरनेशनल स्कूल की निदेशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने बताया कि कक्षा 10वीं की परीक्षा में 118 में से 117 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे विद्यालय का कुल परिणाम 99 प्रतिशत रहा।
विद्यालय में प्रथम स्थान आराध्य मुणेत (जावद) ने 98.2 प्रतिशत अंकों के साथ प्राप्त किया। द्वितीय स्थान मोहम्मद आतिफ ने 93.4 प्रतिशत, तृतीय स्थान पर्व राठौर ने 93 प्रतिशत, चतुर्थ स्थान दीप्ति परिहार ने 91.6 प्रतिशत तथा पंचम स्थान टिया शर्मा ने 91.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
निदेशिका डॉ. गरिमा चौरसिया ने कहा कि यह विद्यालय के लिए पथ-प्रदर्शक वर्ष रहा है। यह परिणाम विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता की पुष्टि करता है, जिसे उच्च गुणवत्ता वाले शिक्षण के माध्यम से बनाए रखा गया है।
उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अन्य विद्यार्थियों के प्रदर्शन की भी सराहना की। इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया गया। संस्था के प्रबंधक एवं प्रशासन ने भी सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को बधाई दी।