नीमच। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत नीमच में 20 अप्रैल को प्रमुखजन गोष्ठी एवं मातृशक्ति गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संघ के पूर्व अखिल भारतीय सरकार्यवाह भैयाजी जोशी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघचालक अनिल जैन ने बताया कि शताब्दी वर्ष के अवसर पर संघ ने समाज की सृजन शक्ति को साथ लेकर विश्व पटल पर आदर्श प्रस्तुत करने वाला सशक्त, समर्थ, संगठित एवं समृद्ध भारत निर्माण का संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से समाज के प्रतिष्ठित एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से संवाद स्थापित करने हेतु नीमच में प्रमुखजन गोष्ठी एवं मातृशक्ति गोष्ठी आयोजित की जा रही है। इन आयोजनों को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम के अनुसार, 20 अप्रैल को नीमच के टाउन हॉल में दोपहर 12रू30 बजे से मातृशक्ति गोष्ठी तथा शाम 4 बजे से प्रमुखजन गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें भैयाजी जोशी उपस्थित जनों को संबोधित करेंगे।