नीमच। जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में परिवर्तन की मांग उठने लगी है। समाजसेवी एवं अखिल भारतीय मानवाधिकार निगरानी समिति के जिला अध्यक्ष दिलीप छाजेड़ ने इस संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग से आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि विगत दो-तीन दिनों से मध्य प्रदेश सहित नीमच जिले में भी गर्मी तेज हो गई है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। 1 अप्रैल से स्कूलों का संचालन नियमित हो चुका है, जिनके समय में हाल ही में जिलाधीश के निर्देश पर बदलाव किया गया है।
छाजेड़ ने कहा कि जिले की आंगनबाड़ी केंद्रों में 3 से 6 वर्ष तक के छोटे बच्चे आते हैं, जिनका वर्तमान समय सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक है। तेज गर्मी के कारण यह समय बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी इस संबंध में चिंताएं सामने आई हैं।
इस विषय में उन्होंने महिला एवं बाल विकास अधिकारी अंकिता पंडिया से चर्चा कर मांग की है कि गर्मी के मौसम में या तो आंगनबाड़ी केंद्रों को अस्थायी रूप से बंद किया जाए या उनका समय सुबह के घंटों में कर अवधि कम की जाए।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि इस प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है और शीघ्र ही आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।