नीमच। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस ने काली फिल्म लगे वाहनों एवं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर एवं उनकी टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान काली फिल्म सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 51 चालान बनाए गए, जिनसे 24,300 का समन शुल्क वसूल किया गया।
इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया गया।
यातायात पुलिस नीमच ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर लगी काली फिल्म स्वयं हटाकर नियमों का पालन करें, ताकि चालानी एवं दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।