देवास। चर्चित कन्या भ्रूण हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रही आरोपी डॉक्टर चारू तिवारी को सिटी कोतवाली पुलिस ने कल महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब कन्या भ्रूण हत्या से जुड़े कथित लेन-देन और बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। जांच में डॉक्टर चारू तिवारी का नाम सामने आने पर उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया, लेकिन कार्रवाई से पहले ही वे फरार हो गई थीं।
गिरफ्तारी के बाद डॉक्टर को देवास लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां सुनवाई के दौरान वकीलों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। अधिवक्ताओं ने इसे बेहद गंभीर अपराध बताते हुए जमानत का विरोध किया।
न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर की जमानत याचिका खारिज कर उसे जेल भेजने के आदेश दिए।