देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार तैयार करने के निर्देश दिए, साथ ही फुटबॉल ग्राउंड को लेकर भी मार्गदर्शन किया।
निरीक्षण के दौरान वीर सावरकर तरण पुष्कर स्विमिंग पूल, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, बॉस्केटबॉल एवं ओपन जिम का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं निर्माणाधीन आईटीआई भवन की गुणवत्ता हथौड़े से जांचते हुए उन्होंने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए।
इसके अलावा नवीन सर्किट हाउस के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर पार्किंग, गार्डन और अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। राधानगर में रैनबसेरा निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के भी निर्देश दिए गए।