देवास। भौरासा क्षेत्र के ग्राम कांकड़दा में 19 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक पांच दिवसीय भव्य श्री रूद्र यज्ञ, श्री राम कथा एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन संस्था प्रहलाद श्री एवं समस्त धर्मप्रेमी ग्रामवासियों के सहयोग से, स्वर्गीय प्रहलाद सिंह नागर की पावन प्रेरणा और संतों के आशीर्वाद में संपन्न होगा।
महोत्सव के तहत प्रतिदिन दोपहर 12 से 3 बजे तक पूज्य श्री राम जाने जी महाराज के मुखारविंद से श्री राम कथा का रसपान कराया जाएगा, वहीं यज्ञाचार्य पंडित विजेंद्र द्विवेदी द्वारा हवन-यज्ञ एवं पूजन संपन्न होगा। 19 अप्रैल को सुबह 10 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी और स्वर्गीय प्रहलाद सिंह नागर स्मृति द्वार का लोकार्पण किया जाएगा।
समापन दिवस 23 अप्रैल को शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति, महाआरती एवं भंडारा प्रसादी का आयोजन दोपहर 3 बजे से किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार इस धार्मिक महोत्सव में क्षेत्रभर से 4 से 5 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। गांव-गांव और घर-घर जाकर श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया जा रहा है, साथ ही जगह-जगह फ्लेक्स-पोस्टर लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल, प्रसादी, पार्किंग और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है, वहीं मंदिर परिसर को भी आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है।
इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी जनों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।