मंदसौर। जिले में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए मंदसौर पुलिस ने गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के नेतृत्व में जिलेभर में एक साथ की गई कार्रवाई में कुल 115 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान 65 स्थायी वारंटी पकड़े गए, जिनमें धारा 138 के 16, विद्युत अधिनियम के 21 एवं अन्य मामलों के 28 वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा 47 गिरफ्तारी वारंट भी तामील किए गए।
हर थाना क्षेत्र में कार्रवाई, अपराधियों में हड़कंप
अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों- सिटी कोतवाली, वायडी नगर, नई आबादी, भावगढ़, दलौदा, नाहरगढ़, अफजलपुर, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, मल्हारगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, शामगढ़, गरोठ, भानपुरा एवं गांधीसागर में एक साथ कार्रवाई की गई, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान 69 निगरानी बदमाशों एवं 69 गुंडा/बदमाशों सहित कुल 141 हिस्ट्रीशीटर व जिलाबदर बदमाशों की जांच कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
अवैध शराब पर भी सख्ती
अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 20 प्रकरणों में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 88.22 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 29,700 रुपए है। साथ ही धारा 151 के तहत 4 प्रकरण दर्ज कर 5 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
43 टीमों के साथ 450 पुलिसकर्मी तैनात
इस विशेष अभियान में जिले के राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों सहित 43 गश्त पार्टियों में 450 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पूरी रात चले इस अभियान में संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई।
अभियान जारी रहेगा- एसपी
एसपी विनोद कुमार मीना ने कहा कि जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान चलाकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाएगा।