चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशन में किशोर विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने हेतु “ट्रांसफॉर्मेटिव मंगलवार” (रूपांतरणकारी मंगलवार) कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में “साइबर सुरक्षा, संरक्षण और न्याय तक पहुंच” विषय पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में सचिव सुनील कुमार गोयल के नेतृत्व में माउंट वैली स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय सरल भाषा में समझाए गए तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी पहलुओं की जानकारी देते हुए उनकी समस्याओं का निराकरण किया। कार्यक्रम के तहत पैरा लीगल वालेंटियर्स द्वारा जिला मुख्यालय सहित समस्त तहसीलों के विद्यालयों में भी इस विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर अधिवक्ता आयुषी गहलोत एवं विद्यालय के स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।