चित्तौड़गढ़। एनसीसी निदेशालय राजस्थान, जयपुर के उप महानिदेशक एयर कमोडोर संपत कुमार आनंद ने शुक्रवार को सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ का दौरा किया। उनके आगमन पर कार्यवाहक प्राचार्य मेजर सी. श्रीकुमार ने सैन्य परंपरा के अनुसार स्वागत किया। कैडेट्स द्वारा मुख्य अतिथि को भव्य गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय परिसर स्थित स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया। इसके बाद शंकर मेनन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कैडेट उमा शर्मा ने उनका परिचय दिया।
एयर कमोडोर आनंद ने अपने संबोधन में भारतीय वायु सेना में करियर के अवसरों, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वायु सेना देश सेवा का सर्वाेच्च माध्यम है और युवाओं के लिए सम्मानजनक करियर प्रदान करती है।
उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे नेशनल डिफेंस एकेडमी के पूर्व छात्र हैं और 1996 में वायु सेना की फ्लाइंग ब्रांच में कमीशन प्राप्त किया। अपने करियर में उन्होंने 2850 घंटे से अधिक उड़ान भरते हुए विभिन्न प्रकार के विमान उड़ाए हैं तथा कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं।
दौरे के दौरान उन्होंने छात्रावास, कैडेट्स मैस, आर्चरी रेंज, एयर राइफल शूटिंग रेंज, इंडोर स्टेडियम, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवन का निरीक्षण भी किया।
अंत में स्कूल कैप्टेन कैडेट मधुसूदन सिंह राठौड़ ने आभार व्यक्त किया तथा कार्यवाहक प्राचार्य मेजर श्रीकुमार ने स्मृति चिन्ह भेंट किया।