झाबुआ। जिले में बढ़ते तापमान एवं लू की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त विद्यालयों सहित सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड से संचालित सभी स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं आगामी आदेश तक सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक संचालित होंगी।
साथ ही शिक्षकों एवं शैक्षणिक स्टाफ को दोपहर 1.00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने बताया कि यह निर्णय भीषण गर्मी एवं लू के प्रभाव से विद्यार्थियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि उनके स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षाएं पूर्व निर्धारित समय-सारणी के अनुसार यथावत संचालित होती रहेंगी। यह आदेश 18 अप्रैल 2026 से प्रभावशील होगा।