नीमच। अनुदानित यूरिया के गैर-कृषि उपयोग एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिला एवं अनुभाग स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। इसका उद्देश्य उर्वरकों की स्टॉक होल्डिंग पर निगरानी रखना और संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देना है।
जिला स्तरीय टास्क फोर्स में कलेक्टर अध्यक्ष, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास (सदस्य सचिव), कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख, उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एवं उद्यानिकी अधिकारी शामिल किए गए हैं।
वहीं अनुभाग स्तरीय टास्क फोर्स में एसडीएम अध्यक्ष, एसडीओपी, जनपद सीईओ, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (सदस्य सचिव), उद्यानिकी अधिकारी एवं आत्मा परियोजना के प्रतिनिधि सदस्य बनाए गए हैं।
टास्क फोर्स द्वारा उर्वरकों की कालाबाजारी, अधिक कीमत व स्टॉक की नियमित जांच की जाएगी। किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक खेती व मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार खाद के उपयोग के लिए जागरूक किया जाएगा।
कलेक्टर ने बताया कि डीएपी के स्थान पर एनपीके व एसएसपी उर्वरकों का उपयोग अधिक लाभकारी है, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।