नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा द्वारा ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है। बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नया समय निर्धारित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अब जिले की सभी आंगनवाड़ी केंद्रों का संचालन प्रातः 08.00 से दोपहर 03.00 बजे तक किया जाएगा। वहीं बच्चों की उपस्थिति का समय प्रातः 08.00 से 11.30 बजे तक रहेगा।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दोपहर 03.00 बजे तक केंद्र में उपस्थित रहेंगी और बच्चों की छुट्टी के बाद रिकॉर्ड संधारण, रिकॉर्ड अपडेट, गृह भेंट, ऑनलाइन प्रविष्टि एवं अन्य संबंधित कार्य संपादित करेंगी। पूर्व में आंगनवाड़ी का समय प्रातः 09.00 से सायं 04.00 बजे तक था, जिसमें यह परिवर्तन किया गया है।