नीमच। जिला चिकित्सालय नीमच में रोटरी क्लब नीमच द्वारा चार आधुनिक डायलिसिस मशीनों का लोकार्पण गरिमामय समारोह में किया गया। इस पहल से किडनी रोग से पीड़ित मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
रोटरी इंटरनेशनल मंडल 3040 के डिस्ट्रिक्ट ग्लोबल ग्रांट के अंतर्गत नीमच मानव सेवा समिति द्वारा संचालित डायलिसिस सेंटर को यह सुविधा प्रदान की गई है। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में डायलिसिस मशीनों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है, जिससे अब अधिक मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि नीमच में देहदान, रक्तदान और नेत्रदान जैसे सेवा कार्यों की मजबूत परंपरा रही है। उन्होंने रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाजसेवा का अनुकरणीय उदाहरण बताया। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. सुशील मल्होत्रा ने इस कार्य को “महापुण्य का कार्य” बताते हुए दानदाताओं और रोटरी परिवार के योगदान की प्रशंसा की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदे के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई तथा मशीनों का विधिवत पूजन कर उन्हें मरीजों के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर मानव सेवा समिति के अध्यक्ष कृष्ण कुमार ‘मुन्ना’ गोयल, रोटरी क्लब अध्यक्ष गिरधारीलाल गोयल सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। संचालन पुरुषोत्तम गुप्ता ने किया।
दो मशीनें भंसाली परिवार द्वारा, एक मशीन गिरधारी लाल गोयल परिवार द्वारा तथा एक मशीन समाजसेवी विष्णु बिंदल (इंदौर) द्वारा प्रदान की गई। यह सुविधा अब सैकड़ों मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।