चित्तौड़गढ़। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन चित्तौड़गढ़ के बैनर तले आज जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) के माध्यम से निदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग, बीकानेर को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन ने पत्र लिखकर शैक्षणिक सत्र 2025-26 की आरटीई पुनर्भरण प्रक्रिया को अविलंब शुरू करने की पुरजोर मांग की है।
आर्थिक संकट और पोर्टल की समस्या-
ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में आरटीई पुनर्भरण प्रक्रिया में हो रहे अत्यधिक विलंब के कारण निजी स्कूलों के संचालन में भारी बाधा आ रही है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पोर्टल पर सत्र 2025-26 के क्लेम बिल (Claim Bill) जनरेट करने की सुविधा अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे प्रदेश भर के हजारों विद्यालय असमंजस की स्थिति में हैं। पुनर्भरण राशि समय पर न मिलने से स्कूलों को स्टाफ वेतन और अन्य अनिवार्य वार्षिक खर्चों के भुगतान में गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
प्रमुख मांगें-
- आरटीई पोर्टल पर सत्र 2025-26 के क्लेम बिल जनरेट करने की प्रक्रिया तुरंत प्रारंभ की जाए।
- पुनर्भरण राशि के समयबद्ध भुगतान हेतु संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए जाएं।
इन पदाधिकारियों की रही मौजूदगी-
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन की पूरी टीम एकजुट नजर आई। इस अवसर पर अध्यक्ष कैलाश वैष्णव, सचिव सुमित भराड़िया, ख्याली लाल शर्मा, सत्येंद्र सिंह सांचौरा, प्रेमलता तिवाड़ी, विनोद कुमार शर्मा, धीरज कुमार बिलोची, रोहित नाहर जितेश श्रीवास्तव, हीरालाल जाट, इसरार खान, संजय शर्मा, प्राची श्रीवास्तव व मोहम्मद नफीस हुसैन, योगेश कुमार कन्नौजिया, अनीता वैष्णव, सहित कई स्कूल संचालक उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की है कि इस पत्र पर विभाग द्वारा त्वरित सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी ताकि निजी शिक्षण संस्थानों को राहत मिल सके।