नयागांव। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में जावद विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नयागांव में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य गजेन्द्र सिंह सौदा ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 10वीं में 6 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। इनमें छात्रा फ़िजा जहां, पिता मोहम्मद इरशाद, निवासी नयागांव ने 93 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
वहीं कक्षा 12वीं में छात्रा रानू गायरी, पिता शांतिलाल गायरी, निवासी चैनपुरा ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शासन की निशुल्क स्कूटी एवं लैपटॉप योजना के लिए पात्रता अर्जित की। छात्रा काजल भील, पिता तुलसीराम भील, निवासी नयागांव ने 78 प्रतिशत अंक प्राप्त कर निशुल्क लैपटॉप योजना की पात्रता प्राप्त की, जबकि छात्र नितिन, पिता गोपाल, निवासी चैनपुरा ने 61 प्रतिशत अंक प्राप्त कर निशुल्क स्कूटी योजना के लिए पात्रता हासिल की।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का विद्यालय में तिलक लगाकर, माला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर अभिभावकों सहित नगरवासियों की उपस्थिति में मिठाई वितरण कर खुशी व्यक्त की गई।
प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय में नवीन सत्र हेतु कक्षा 9वीं, 10वीं के साथ-साथ 11वीं एवं 12वीं में विज्ञान एवं कला संकाय में प्रवेश प्रारंभ हैं।
कार्यक्रम में मिथिला वर्मा, सारिका सोनी, खुशबू शर्मा, राजेश पारीक, विजयलक्ष्मी धनंतर, श्वेता गौतम, चंचल धाकड़, हेदेंद्र नागर, तुषार मेघवाल, चंदा बैरागी सहित नगरवासी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष कुमार पारीक ने किया।