चित्तौड़गढ़। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा कलेक्ट्री चौराहे पर राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कथित ‘जिहादी मानसिकता’ के विरोध में पुतला दहन कर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
बजरंग दल के जिला संयोजक मनोज कुमार साहू ने बताया कि देश में बढ़ती घटनाओं को लेकर संगठन में आक्रोश है। प्रदर्शन के दौरान विभाग मंत्री विश्वनाथ टांक ने कहा कि ‘लव जिहाद’ और ‘धर्मांतरण’ सामाजिक सद्भाव एवं सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती हैं। जिला अध्यक्ष किशन पिछोलिया ने मांग की कि ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में अवैध कब्जों को हटाने, खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर कार्रवाई तथा जनजातीय क्षेत्रों में बालिकाओं के शोषण पर रोक लगाने की भी मांग की गई।
जिला मंत्री चंद्रशेखर सोनी ने चेतावनी दी कि समाज राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शन में संगठन के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति की बड़ी संख्या मौजूद रही।