मुरैना। पहले से ही चरमराई यातायात व्यवस्था के बीच एक बार फिर भारी जाम की स्थिति बन गई। देना गहना ज्वेलर्स के नए शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सड़क पर टेंट लगाने और वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण करीब आधा किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
इस जाम में एंबुलेंस, स्कूल बसें और आम लोग घंटों तक फंसे रहे, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सबसे बड़ी बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान यातायात पुलिस मौके से नदारद रही और कोई भी जिम्मेदार अधिकारी स्थिति संभालने नहीं पहुंचा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में रोजाना जाम की स्थिति बनी रहती है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। वहीं शाम के समय एक ही चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर केवल औपचारिकता निभाई जाती है।
लोगों ने सवाल उठाया है कि जब दिनभर शहर जाम से जूझता रहता है तो जिम्मेदार अधिकारी कहां होते हैं। साथ ही अतिक्रमण हटाने के दावों के बावजूद खुलेआम सड़क घेरकर कार्यक्रम किए जा रहे हैं, जिन पर कोई रोक नहीं लगती।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कोई सख्त कार्रवाई करता है या फिर शहर की जनता को इसी तरह जाम और अव्यवस्था का सामना करना पड़ता रहेगा।