नीमच। नीमच विधानसभा क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में जिले का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा की प्रदेश प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का विधायक दिलीपसिंह परिहार (भाजपा प्रदेश प्रवक्ता) ने उनके घर पहुंचकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
विधायक श्री परिहार ने कहा कि इन होनहार विद्यार्थियों की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के इन छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
प्रियांशी राठौर प्रदेश में पांचवें स्थान पर
ग्राम तेलनखेड़ी निवासी एवं सांदीपनि विद्यालय की छात्रा कु. प्रियांशी राठौर (पिता गणपत राठौर) ने कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की मेरिट सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया। विधायक ने उनके निवास पहुंचकर माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री धनसिंह कैथवास, दीपक नागदा, सरपंच राजा कैथवास, लोकेश चांगल एवं गोटू अजमेरा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रमोद मेघवाल ने कॉमर्स में पाया आठवां स्थान
इसी क्रम में ग्वाल टोली निवासी एवं उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र प्रमोद मेघवाल (पिता सीताराम मेघवाल) ने कक्षा 12वीं कॉमर्स संकाय में प्रदेश स्तर पर आठवां स्थान प्राप्त किया। विधायक ने उनके घर पहुंचकर सम्मान किया और उन्हें भी 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हेमंत हरित, लाला सफा, लोकेश चांगल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।