मंदसौर। जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया। इस दौरान चार थाना प्रभारियों के तबादले किए गए, वहीं एक चौकी प्रभारी को नई जिम्मेदारी सौंपी गई। फेरबदल के तहत गरोठ थाना प्रभारी हरीश मालवीय को अफजलपुर थाने का प्रभारी बनाया गया है। सुवासरा थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी को मल्हारगढ़ थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक राजेंद्र सिंह बघेल को सुवासरा थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। उप निरीक्षक बलबीर यादव को भैसोदामंडी चौकी से हटाकर गरोठ थाने का प्रभारी बनाया गया है, जबकि उप निरीक्षक धर्मेश यादव को पुलिस लाइन से भैसोदामंडी चौकी का प्रभारी बनाया गया है।
पांच पुलिसकर्मी लाइन अटैच
एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए गांधीसागर थाने में पदस्थ पांच पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया है। इनमें प्रधान आरक्षक दुर्गाशंकर मीणा, आरक्षक राहुल गरासिया, आरक्षक अनिल गुर्जर, आरक्षक लोकेश अहीर एवं ड्राइवर आरक्षक गिरिराज दांगी शामिल हैं। सभी को मंदसौर पुलिस लाइन भेजा गया है।
गौरतलब है कि हाल ही में अफजलपुर थाने में पदस्थ उप निरीक्षक शैलेंद्र सिंह कनेश को कार्य में लापरवाही के चलते लाइन अटैच किया गया था, जिसके बाद से थाना प्रभारी का पद रिक्त था। अब हरीश मालवीय की नियुक्ति से यह पद भर दिया गया है।
एसपी विनोद कुमार मीणा ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और आवश्यकता अनुसार आगे भी ऐसे कदम उठाए जाते रहेंगे।