भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल के कलकत्ता (कोलकाता) में भाजपा के पक्ष में जोरदार प्रचार किया। उन्होंने कमरहाटी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 और 112 में घर-घर तथा दुकानों पर पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद किया और भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।
सीएम मोहन ने कहा, “जनता अब ठहराव नहीं, परिवर्तन और प्रगति की ओर बढ़ने को तैयार है। जब देश के अन्य राज्य विकास के नए कीर्तिमान बना रहे हैं, तब बंगाल क्यों पिछड़ना चाहिए? बंगाल गर्त में जा रहा है, इसे उठाने के लिए खिलता कमल (भाजपा का चिन्ह) चाहिए। भाजपा की सरकार चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सहित पूरे देश के राज्य तेजी से प्रगति कर रहे हैं, लेकिन बंगाल पिछड़ रहा है। “बंगाल की जनता अब जंगलराज से मुक्ति चाहती है। वह विकास की ओर देखना चाहती है। यहां की जनता प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाना चाहती है। विकास के लिए भाजपा को चुनना जरूरी है।”
मुख्यमंत्री ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर जनकल्याण की गति कई गुना तेज हो जाएगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद करते हुए बंगाल में बदलाव की जरूरत पर जोर दिया। डॉ. मोहन यादव दो दिवसीय बंगाल दौरे पर हैं, जहां वे पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं और घर-घर संपर्क भी कर रहे हैं।