नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित एक सादे समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले नीमच जिले के छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से संवाद किया और उनका करियर मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि कक्षा 11वीं और 12वीं विद्यार्थियों के लिए करियर निर्माण का महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। इस दौरान सही दिशा में किया गया प्रयास भविष्य को मजबूत बनाता है।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट विद्यालय नीमच के छात्र प्रमोद, सांदीपनी विद्यालय नीमच की छात्रा प्रियांशी, सिंगोली की छात्रा प्रांजल सोनी एवं विसडम स्कूल की छात्रा मंतशा गोरी को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
कलेक्टर चंद्रा एवं जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन करने, ऑनलाइन कोचिंग का लाभ लेने तथा प्रतिष्ठित कॉलेजों एवं संस्थानों में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन के लिए जिला मुख्यालय पर विशेष शिविर आयोजित करें। इन शिविरों में विषय विशेषज्ञों एवं प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों के संचालकों को आमंत्रित कर विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन प्रदान किया जाए।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया, डीपीसी दिलीप व्यास सहित अन्य अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक उपस्थित थे।