चित्तौड़गढ़। जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन ड्राइविंग (Lane Driving) नियमों की सख्ती से पालना सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर गंगरार से मंगलवाड़ तक शुक्रवार को विशेष कार्रवाई की गई।
इस दौरान VOC ऐप के माध्यम से लेन सिस्टम का उल्लंघन करने वाले 316 वाहनों के चालान बनाए गए, जिन पर कुल 1,58,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन ड्राइविंग नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। लेन सिस्टम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि गंगरार से रिठौला तथा रिठौला से मंगलवाड़ तक दो इंटरसेप्टर वाहन तैनात किए गए हैं।
ट्रैफिक डीएसपी शिव प्रकाश ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेन सिस्टम की सख्त पालना करवाई जा रही है और सभी वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। लेन सिस्टम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ VOC ऐप (कैमरे के माध्यम से निगरानी) से ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।
शुक्रवार को गंगरार, चंदेरिया, सदर चित्तौड़गढ़, भदेसर, भादसोड़ा एवं मंगलवाड़ थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा कुल 316 चालान बनाकर 1,58,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर लेन ड्राइविंग नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।