रामपुरा। अवैध वन उपज एवं खैर की लकड़ी की तस्करी के विरुद्ध वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वन संरक्षक उज्जैन आलोक पाठक, वनमंडलाधिकारी नीमच एस.के. अटोदे एवं उपवनमंडलाधिकारी मनासा दशरथ अखण्ड के मार्गदर्शन में की गई।
वन विभाग रामपुरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक क्रमांक आरजे 14 जीक्यू 8673 में अवैध खैर की लकड़ी भरकर रामपुरा-मनासा मार्ग से परिवहन किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए टीम ने नायरा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।
जांच के दौरान ईचर ट्रक से भारी मात्रा में बेशकीमती खैर की अवैध लकड़ी बरामद हुई। वाहन चालक के पास लकड़ी परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
मौके से साहिल खान (अलवर, राजस्थान), इकबाल (चित्तौड़गढ़, राजस्थान) एवं मोहम्मद अशरफ (नूह, हरियाणा) को गिरफ्तार किया गया।
वन विभाग द्वारा वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा जब्त ट्रक वन विभाग की अभिरक्षा में रखा गया है।
इस कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी रामपुरा भानुप्रताप सिंह सोलंकी, कार्यवाहक वनपाल आशीष शर्मा, वनरक्षक दिलीप धनगर सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।