सरवानिया महाराज। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में शासकीय भूमि संरक्षण अभियान के तहत प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम जावद प्रीति संघवी नाहर के निर्देश पर तहसीलदार नवीन गर्ग की मौजूदगी में शासकीय भूमि पर पोल गाड़कर जाली फेंसिंग की कार्रवाई शुरू की गई।
यह कार्रवाई सरवानिया महाराज के पटवारी हल्का नंबर 23 के सर्वे नंबर 235/1 की लगभग 3.5 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर की गई, जहां पूर्व में अतिक्रमण हटाकर भूमि को प्रशासन ने अपने कब्जे में लिया था। अब इस भूमि को पुनः अतिक्रमण से सुरक्षित रखने हेतु फेंसिंग की जा रही है।
मई 2025 में इसी भूमि से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई थी। उस समय खेड़ापति बालाजी मंदिर के पास स्थित करीब 17 बीघा शासकीय भूमि से चार लोगों का अवैध कब्जा हटाया गया था।
जानकारी के अनुसार, इस भूमि पर हकीम पिता अल्लानू मंसूरी, तालिम हुसैन पिता अल्लानूर मंसूरी, सागरमल पिता मोहनलाल पाल एवं मोहनलाल पिता भेरूलाल तेली द्वारा अतिक्रमण किया गया था, जिसे प्रशासन ने हटाकर भूमि को मुक्त कराया था।
तार फेंसिंग के अभाव में दोबारा अतिक्रमण की आशंका को देखते हुए अब पोल गाड़कर जाली फेंसिंग की जा रही है, जिससे भूमि को सुरक्षित रखा जा सके।
इस कार्रवाई के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी राकेश चौहान, राजस्व विभाग के पटवारी, पुलिस चौकी प्रभारी निलेश सोलंकी सहित राजस्व एवं पुलिस अमला मौजूद रहा।