खरगोन। शहर के उमरखली रोड स्थित स्टेडियम मैदान पर शनिवार को देसी पहलवानों का शानदार जमावड़ा देखने को मिला। श्री कृष्ण व्यायामशाला द्वारा आयोजित “जिला केसरी कुश्ती दंगल” में जिले के 70 से अधिक पहलवानों ने भाग लेकर विलुप्त होती देसी कुश्ती को फिर से जीवंत कर दिया।
दंगल में विभिन्न वर्गों के पहलवानों के बीच लाल मिट्टी के अखाड़े में रोमांचक मुकाबले कराए गए। इन मुकाबलों में पहलवानों ने अपनी ताकत, कला और देसी कुश्ती के दांव-पेंच का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पर मौजूद रहे।
मुकाबलों के दौरान पहलवानों ने धोबी पछाड़, कसौटा और कलाजांघ जैसे पारंपरिक दांव लगाकर एक-दूसरे को चित करने का प्रयास किया। हर दांव पर दर्शकों ने तालियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
देसी दंगल का यह आयोजन न सिर्फ खेल भावना का प्रतीक बना, बल्कि मिट्टी की कुश्ती को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश भी देता नजर आया।