रतलाम। मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा आमजन को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इसी कड़ी में रतलाम जिला चिकित्सालय में ब्रेन स्ट्रोक के एक गंभीर मरीज का सफल उपचार कर उसे नया जीवन दिया गया।
सिविल सर्जन डॉ. एम.एस. सागर ने बताया कि भोई मोहल्ला निवासी कमलाबाई को 11 अप्रैल को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय की ओपीडी से गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया था। प्रारंभिक जांच में मरीज को लकवा (पक्षाघात) होने के लक्षण पाए गए।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. अंकित जैन द्वारा तत्काल एमआरआई जांच कराई गई, जिसमें सीवीए (ब्रेन स्ट्रोक) की पुष्टि हुई। स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण मरीज के जीवित रहने की संभावना कम थी, लेकिन डॉक्टरों, फिजिशियन और नर्सिंग स्टाफ के समन्वित प्रयासों से मरीज की जान बचाई जा सकी।
मरीज के परिजनों ने अस्पताल की सेवाओं की सराहना करते हुए बताया कि उपचार के दौरान सभी दवाएं, इंजेक्शन एवं आवश्यक सुविधाएं शासकीय योजनाओं के तहत निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
इस सफल उपचार ने जिला चिकित्सालय रतलाम की चिकित्सा सेवाओं पर आमजन का विश्वास और मजबूत किया है।