सीधी। जिले के मझौली जनपद पंचायत के ग्राम नेबूहा में शनिवार को जन समस्या समाधान शिविर लगा था। शाम करीब 4 बजे हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में काफी भीड़ थी। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। कलेक्टर विकास मिश्रा खुद लोगों की समस्याएं सुन रहे थे।
इसी दौरान ग्राम पंचायत की पंच ललिता सेन आगे आईं। उन्होंने सरपंच बसंती कोल के खिलाफ शिकायत की। कलेक्टर ने समस्या सुनकर उसके निराकरण का आश्वासन दिया। इस पर पंच ने उन्हें धन्यवाद दिया तो कलेक्टर ने कहा- मैं तो आपका नौकर हूं, मालिक आप लोग हैं।
शिकायत पर कलेक्टर ने जांच का भरोसा दिया
पंच ललिता सेन ने सरपंच और सचिव पर मनमाने तरीके से काम करने और राशि के आहरण में गड़बड़ी का आरोप भी लगाया। शिकायत में कहा कि पंचायत में नियमित ग्राम सभाएं और बैठकें नहीं होतीं। कलेक्टर विकास मिश्रा ने शिकायत को गंभीरता से सुना और जांच का भरोसा दिया।
शिकायत के बाद माहौल थोड़ा गंभीर था। महिला पंच ने कलेक्टर को धन्यवाद दिया। तभी कलेक्टर ने हाथ जोड़कर कहा- “मैं अधिकारी नहीं, आपका नौकर हूं, मालिक आप लोग हैं।” यह सुनकर वहां मौजूद लोग चौंक गए। बसंती बाई मुस्कुराईं और वहां से चली गईं।
कलेक्टर बोले- आपसी मतभेद भुलाकर काम करें
पंच ललिता सेन की शिकायत और आरोपों को सरपंच बसंती कोल ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि वह नियमित रूप से पंचायत में मौजूद रहती हैं। सभी काम पारदर्शिता के साथ किए जाते हैं।
हालात को शांतिपूर्ण ढंग से संभालते हुए कलेक्टर ने दोनों पक्षों के बीच मौके पर ही सुलह कराई। उन्होंने महिला पंच और सरपंच से हाथ मिलवाते हुए कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर गांव के विकास के लिए मिलकर काम करना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।