उज्जैन। मोहन यादव ने उज्जैन प्रवास के दौरान सिंहस्थ 2028 को “ग्रीन एंड क्लीन” थीम पर आयोजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने नगर निगम को लगभग 2.25 करोड़ रुपए लागत की इलेक्ट्रिक व्हील लोडर मशीनों की चाबी सौंपी।
सिंहस्थ जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन से स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण बड़ी चुनौती बन जाते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में LiuGong India Pvt. Ltd. द्वारा अपनी सीएसआर पहल के तहत 820TE इलेक्ट्रिक व्हील लोडर (3 इकाइयाँ) स्वीपिंग अटैचमेंट सहित नगर निगम को प्रदान किए गए।
ये मशीनें पूरी तरह बैटरी संचालित हैं और शून्य उत्सर्जन (Zero Emission) के साथ कार्य करती हैं। पारंपरिक डीज़ल मशीनों की तुलना में ये कम शोर करती हैं, संचालन लागत घटाती हैं और पर्यावरण के अनुकूल हैं। स्वीपिंग अटैचमेंट के माध्यम से सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की प्रभावी सफाई की जा सकेगी, जो सिंहस्थ जैसे बड़े आयोजन में बेहद उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह पहल उज्जैन को “ग्रीन एवं क्लीन सिटी” के रूप में स्थापित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।