मनासा। नगर के युवा चिकित्सक डॉ. गौरांग कुमावत ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए DNB (नेत्र रोग) परीक्षा में पूरे भारत में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उनकी इस शानदार सफलता पर उन्हें प्रतिष्ठित डॉ. जी. वेंकटास्वामी स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा।

यह सम्मान नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS), नई दिल्ली के 23वें दीक्षांत समारोह में प्रदान किया जाएगा। डॉ. गौरांग ने जून 2025 सत्र में आयोजित DNB फाइनल परीक्षा में Ophthalmology (नेत्र रोग) विषय में देशभर में शीर्ष स्थान हासिल कर मनासा सहित पूरे नीमच जिले का नाम रोशन किया है।

उन्होंने अपना विशेषज्ञ प्रशिक्षण तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित विश्व प्रसिद्ध अरविंद आई हॉस्पिटल से पूर्ण किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने इसे गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए बधाई दी है। डॉ. गौरांग की सफलता इस बात का प्रमाण है कि छोटे शहरों के युवा भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल कर सकते हैं। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।

डॉ. गौरांग कुमावत ने अपनी माता प्रतिभा कुमावत पिता बालकृष्ण कुमावत एवं पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
