चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ मानसिंह चूण्डावत द्वारा आज उप कारागृह, निम्बाहेड़ा चित्तौड़गढ़ का निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण अध्यक्ष द्वारा रसोईघर, बैरक, शौचालय, स्नानागार का निरीक्षण किया जाकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किये गये तथा बंदियों की विधिक सहायता के लिए संचालित प्रिजन लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया। प्राधिकरण अध्यक्ष द्वारा सभी बंदियों को जेल में संचालित बंदी विधिक सहायता क्लिनिक के बारे मे जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि कोई वकील बंदी की तरफ से पैरवी नहीं कर रहा है अथवा उसे निःशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता है तो वह विधिक सहायता क्लिनिक के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकता है। जिन बंदियों के जमानत आवेदन हो चुके हैं, उनके परिजनों से संपर्क कर जमानती पेश करवाने हेतु भी निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान निजी सहायक प्रहलाद सोमानी, पुलिस उप अधीक्षक निम्बाहेड़ा बद्री लाल राव , पेनल अधिवक्ता रणवीर सिंह शक्तावत, ताल्लुका सचिव पवन कुमावत, कारापाल उप कारग्रह निम्बाहेड़ा जयनारायण मीणा मय स्टाफ उपस्थित थे।