रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा विश्व धरोहर दिवस के अवसर पर रतलाम एवं इंदौर रेलवे स्टेशनों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दोनों स्टेशनों पर स्थापित हेरिटेज स्टीम लोको की विशेष साफ-सफाई की गई। रतलाम स्थित स्टीम लोको को तिरंगे रंगों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिसने यात्रियों और उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया।
जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के तहत रतलाम रेलवे स्टेशन पर फॉगिंग एवं साउंड शो का आयोजन भी किया गया, जिसके माध्यम से लोगों को भारतीय रेल की समृद्ध विरासत से अवगत कराया गया।
इस दौरान मंडल यांत्रिक अभियंता सहित यांत्रिक विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। कार्यक्रम में हेरिटेज लोको के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए धरोहर संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
रेलवे कर्मचारियों एवं यात्रियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम सफल और प्रेरणादायक रहा। रतलाम मंडल इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से अपनी ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सतत प्रयासरत है।