देवास। जिले के हाटपिपल्या थाना क्षेत्र के नेवरी में बीते दिनों क्रिकेट खेलते समय कुएं में गिरी गेंद निकालने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी, जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, पूर्व सरपंच नवीन पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जनप्रतिनिधियों ने दोनों मृतक बच्चों के परिवारों को शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही। साथ ही इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए क्षेत्र में बिना मुंडेर के खुले कुओं पर तत्काल सुरक्षा दीवार बनाने पर जोर दिया, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो सके।