नीमच। दिव्यांग ज्योति सेवा संस्थान के बैनर तले जिले के दिव्यांगजनों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सरकार पर चुनावी वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
दिव्यांगजनों ने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान पेंशन ₹600 से बढ़ाकर ₹1500 करने का वादा किया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी इसे लागू नहीं किया गया है। उनका कहना है कि कई बार शासन को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ज्ञापन में दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का शीघ्र निर्माण, पृथक दिव्यांग कल्याण मंत्रालय का गठन, मानसिक दिव्यांग बच्चों के लिए प्राधिकरण व आवासीय विद्यालय की स्थापना, तथा दिव्यांगों को राजनीति में अवसर देने के लिए विधेयक लाने सहित कुल 9 प्रमुख मांगें रखी गई हैं। इसके अलावा प्रत्येक पंचायत व नगर निकाय में दिव्यांगों के रोजगार हेतु विशेष स्थान आरक्षित करने और फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्रों की जांच कर कार्रवाई की भी मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने से पूर्व दिव्यांगजनों ने कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित मंदिर में सद्बुद्धि हवन किया। इसके बाद उन्होंने जोरदार नारेबाजी कर अपनी आवाज बुलंद की।
संस्थान ने चेतावनी दी है कि यदि 26 मई तक मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो 27 मई को मुख्यमंत्री निवास के बाहर थाली-चम्मच बजाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।