नीमच। जिले की राजस्व व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। कलेक्टर के स्पष्ट आदेश के बावजूद अमल नहीं होने का मामला जनसुनवाई तक पहुंच गया है, जिससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
तहसील सिंगोली के गांव झांतला निवासी गोपालसिंह ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि उनके प्रकरण में 6 फरवरी 2026 को उनके पक्ष में आदेश पारित हुआ था। आदेश में संबंधित भूमि का सर्वे कर पट्टा जारी करने और राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज करने के निर्देश दिए गए थे।
आरोप है कि आदेश की प्रति तहसीलदार और पटवारी को सौंपे जाने के बावजूद अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि बार-बार संपर्क करने पर भी न केवल टालमटोल की गई, बल्कि कथित रूप से आदेश को नजरअंदाज किया गया।
वरिष्ठ नागरिक गोपालसिंह ने बताया कि आदेश का पालन न होने से उन्हें लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है और वे अपने ही अधिकार के लिए भटकने को मजबूर हैं।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल हस्तक्षेप कर आदेश का पालन सुनिश्चित कराया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।