नीमच। जिले की सिंगोली तहसील के ग्राम जामुनिया में भूमि विवाद का मामला सामने आया है, जहां एक आदिवासी व्यक्ति ने अपनी पट्टे की कृषि भूमि और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकान पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत कलेक्टर से की है।
ग्राम जामुनिया निवासी श्यामलाल पिता स्व. मथुरा ने आवेदन में बताया कि उन्होंने अपनी कृषि भूमि एक वर्ष के लिए 50 हजार रुपये में रहन पर दी थी। तय अवधि पूरी होने के बाद उन्होंने संबंधित व्यक्ति को राशि वापस भी कर दी, लेकिन इसके बावजूद जमीन खाली नहीं की गई और उस पर कब्जा बनाए रखा गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त भूमि पर बने प्रधानमंत्री आवास के मकान पर भी आरोपी ने कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर गाली-गलौज, विवाद और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।
पीड़ित ने कलेक्टर से मांग की है कि उसकी पट्टे की भूमि और मकान का कब्जा दिलाया जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।