नीमच। जिले के मनासा जनपद पंचायत में कर्मकार कल्याण मंडल की अंत्येष्टि अनुग्रह सहायता योजना के क्रियान्वयन को लेकर लापरवाही का मामला सामने आया है। गांव खजूरी निवासी विष्णु बाई ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पति प्रेमचंद कुम्हार के निधन के बाद उन्होंने नियमानुसार ग्राम पंचायत के माध्यम से योजना के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। उनका कहना है कि सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं दिया गया।
विष्णु बाई ने आरोप लगाया कि जनपद पंचायत स्तर पर उनके आवेदन के साथ छेड़छाड़ की गई और महत्वपूर्ण दस्तावेज हटा दिए गए। उन्होंने बताया कि उनके पति का कर्मकार कार्ड 21 अक्टूबर 2027 तक वैध था, जिसकी पुष्टि के लिए रसीद भी संलग्न की गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुराने कार्ड की तिथि का हवाला देकर उन्हें अपात्र घोषित कर दिया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जनपद पंचायत द्वारा सीधे आवेदन लेने से इनकार करते हुए प्रक्रिया में अनावश्यक अड़चनें खड़ी की गईं। वहीं, सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायतों को भी कथित रूप से गलत जानकारी देकर बंद कर दिया गया।
गरीब एवं अंत्योदय परिवार से जुड़ी विष्णु बाई ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, योजना का लाभ दिलाने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।