देवास। जिले के ग्राम बेरागढ़ में पोल्ट्री फार्म से उठ रही दुर्गंध ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि राजेश्वरी पोल्ट्री फार्म से पूरे गांव में तेज बदबू फैल रही है, जिससे लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। बदबू के कारण स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है और कई बुजुर्ग बीमार तक हो चुके हैं। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब फार्म संचालक द्वारा मरे हुए मुर्गे-मुर्गियों को गांव के पास ही फेंक दिया जाता है, जिससे संक्रमण और महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीण बलराम ने बताया कि फार्म संचालक नितेश चौधरी को कई बार समझाइश दी गई, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। मामला ग्राम पंचायत में भी उठाया गया, बावजूद इसके हालात जस के तस बने हुए हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।